Saturday, 7 July 2018

खोज युक्तियों का प्रयोग

खोज युक्तियों का प्रयोग
इन्टरनेट पर जब भी हमें कोई जानकारी चाहिए होती है तो हम सबसे पहले किसी सर्च इंजन जैसे गूगल या याहू पर ही जाते हैं। हालाँकि अक्सर केवल शब्द डालने से ही हमें वह जानकारी मिल जाती है परन्तु कभी-कभी हम चाहते कुछ हैं और सर्च इंजन हमें कुछ और दिखा रहा होता है। ऐसी स्थिति में हम कुछ युक्तियों का उपयोग करके अपनी मनचाहे खोज परिणाम पा सकते हैं। आइए गूगल की इन युक्तियों के बारे में जानें :-

१. वाक्यांश खोज (" ") :- 
यदि हम शब्दों के समूह के दोनों ओर उद्धरण चिह्नों (" ") का प्रयोग करते हैं तो हमारा सर्च इंजन बिना कोई बदलाव किए, उसी क्रम में हमें परिणाम दिखाता है। गूगल आपके द्वारा दिए गए शब्दों के क्रम को तथा उनकी युग्मता को ध्यान में रखते हुए खोज करता है इसलिए बिना उद्धरण चिह्नों के भी हमें अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
ध्यान दें कि उद्धरण चिह्न लगाने पर हमसे कुछ परिणाम छूट भी सकते हैं जैसे अगर आपने उद्धरण चिन्हों में "पंडित नेहरू" दिया तो पंडित जवाहरलाल नेहरू वाले परिणाम छूट सकते हैं। इसके उलट अगर आपको किन्हीं "जवाहरलाल मिश्रा" के बारे में खोज करनी है तो आपको उद्धरण चिह्न लगाने पड़ेंगे नहीं तो आपके परिणामों में अत्यधिक प्रसिद्धता के कारण जवाहरलाल नेहरू के भी परिणाम आ जायेंगे।

२. किसी एक ही जालघर पर खोज (site:) :-

गूगल के द्वारा हम अपनी खोज को किसी एक जालघर तक सीमित कर सकते हैं या किसी एक जालघर पर ही खोज कर सकते हैं। उदाहरण के लिए [अमृतलाल नागर site:abhivyakti-hindi.org] से हमें abhivyakti-hindi.org पर अमृतलाल नागर का उल्लेख करने वाले सभी पृष्ठों की जानकारी मिल सकती है। हम अपनी खोज को किसी टॉप लेवल डोमेन तक भी सीमित कर सकते हैं। जैसे :- [site:.ac.in] साथ में दे कर हम उन सभी जालघरों पर खोज कर सकते हैं जिनके नाम के अन्त में ac.in लगा हो। (भारत में पंजीकृत शैक्षिक संस्थाओं के जालघर) [site:.in] साथ में दे कर हम उन सभी जालघरों पर खोज कर सकते हैं जिनके नाम के अन्त में .in लगा हो। (भारत में पंजीकृत जालघर) [site:.edu] साथ में दे कर हम उन सभी जालघरों पर खोज कर सकते हैं जिनके नाम के अन्त में .edu लगा हो। (समपूर्ण विश्व में (मुख्यतः संयुक्त राज्य अमरीका में) पंजीकृत शैक्षिक संस्थाओं के जालघर)

३. वर्जित शब्द (-) :-
किसी भी शब्द के पहले ऋण चिह्न (-) लगाकर हम अपनी खोज से उस शब्द से सम्बन्धित जालपृष्ठों को हटा सकते हैं। ध्यान दें कि ऋण चिह्न शब्द के आरम्भ में होना चाहिए और उससे पहले एक खाली जगह होनी चाहिए। उदाहरण के लिए अगर हम [anti-virus software] लिखते हैं तो यहाँ पर सर्च इंजन ऋण चिह्न (-) को वर्जित शब्द की तरह प्रयोग नहीं करेगा और आपको ऐंटीवाइरस अनुप्रयोगों के बारे में परिणाम दिखाएगा। इसके उलट अगर आपको विषाणुरोधियों के बारे में खोज करनी है तो [antivirus -software] ऐसे पृष्ठों की खोज करेगा जिसमें antivirus शब्द होगा लेकिन software शब्द नहीं होगा। एक बार में एक से ज्यादा शब्दों को भी वर्जित किया जा सकता है।

४. अनजाने शब्दों का प्रयोग  (*) :-
अगर आपको किसी वाक्यांश का कोई शब्द याद नहीं है या किसी वाक्यांश में आप एक जगह पर कई शब्दों को रख कर खोजना चाहते हैं तो * चिह्न का प्रयोग किया जाता है। उदाहरण के लिये [google *] लिखने पर हमें गूगल के कई प्रयोगों तथा अनुप्रयोगों के बारे में पता चल जायेगा। [भारतीय * की स्थिति] देने पर हम भारत की बहुत सी चीज़ों की स्थिति के बारे में जान सकते हैं।

५. अनिवार्य शब्द (+) :-
धन चिह्न (+) के दो प्रयोग होते हैं :-

(१) किसी बहुशब्दीय खोज में किन्हीं शब्दों की उपस्थिति अनिवार्य करना।
(२) गूगल अपने आप खोज में पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग कर लेता है लेकिन कभी-कभी हमें बिलकुल उसी शब्द की खोज करनी होती है तब ऐसी स्थिति में पर्यायवाची शब्दों का प्रयोग रोकने के लिए हम धन चिह्न (+) का प्रयोग करते हैं।

६. OR शब्द :- 
गूगल आपके खोज के सभी शब्दों को ध्यान में रखकर खोज करता है। अगर आप "कुछ शब्दों में से किसी एक" की तरह की खोज करना चाहते हैं तो हम OR शब्द का प्रयोग करते हैं। OR शब्द का बड़े अक्षरों (कैपिटल लेटर्स) में लिखा जाना अ
निवार्य है। उदाहरण के लिए [World Cup 2003 OR 2007] आपको 2003 या 2007 के वर्ल्ड कप के परिणाम दिखायेगा। अगर आप OR शब्द का प्रयोग नहीं करेंगे तो आपको केवल वही परिणाम दिखेंगे जिनमें दोनों वर्ल्ड कप की जानकारी होगी।

(यह युक्तियाँ गूगल ने मोर सर्च हेल्प(More search help) के शीर्षक से यहाँ दे रखी हैं) इन युक्तियों के साथ आपकी खोज और बेहतर हो यही हमारी शुभकामना है

No comments:

Post a Comment

Computer से जुड़े सभी Full Form

Computer से जुड़े सभी Full Form Computer Full Form : C =  COMMON O =  OBJECTIVE M =  MACHINE P =  PRACTICALLY U =  USED in T =  TRADE E...